रुड़की। ( आयुष गुप्ता ) भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) रुड़की दीपक रामचन्द्र शेट की अध्यक्षता में ‘एईआरओ, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ एवं आईटी वाॅलंटियर्स’ के साथ एक ‘डाउट क्लियरिंग सत्र’ आयोजित किया गया। बैठक में एसआईआर अभियान के अंतर्गत चल रही विभिन्न गतिविधियों, विशेष रुप से ‘नोटिस चरण’ से संबंधित प्रक्रियाओं, डिजिटलीकरण, अभिलेखों के सत्यापन एवं फील्ड स्तर पर आने वाली व्यवहारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शंकाओं का समाधान करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दीपक रामचन्द्र शेट ने कहा कि एसआईआर अभियान मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। उन्होंने सभी एईआरओ, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ एवं आईटी वाॅलंटियर्स से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक नोटिस का समयबद्ध निस्तारण एवं रिकाॅर्ड का सही डिजिटलीकरण सुनिश्चित करने का आहवान किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली बीएलओ श्रीमती प्रवीण कल्याणी (बूथ संख्या-120, विधानसभा रुड़की) कोसम्मानित किया गया। श्रीमती प्रवीण कल्याणी ने रुड़की विधानसभा में एसआईआर अभियान के नोटिस चरण से संबंधित समस्त कार्य सर्वप्रथम पूर्ण कर उत्कृष्ट कार्य निष्पादन का उदाहरण प्रस्तुत किया। संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं ईआरओ दीपक रामचन्द्र शेट तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एईआरओ एवं तहसीलदार रुड़की विकास अवस्थी ने श्रीमती प्रवीण कल्याणी को प्रशस्ति देकर सम्मानित किया तथा उनके समर्पण, कार्यकुशलता एवं समयबद्ध कार्य निष्पादन की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मठ अधिकारी एवं कर्मचारी अन्य कार्मिकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। बैठक में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से एसआईआर अभियान को पूर्ण पारदर्शिता, दक्षता एवं समयबद्धता के साथ सफल बनाने का आहवान किया गया।
एसआईआर अभियान को लेकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने की डाउट क्लियरिंग सत्र की बैठक, बीएलओ को किया सम्मानित









