एसटीएफ व नारकोटिक्स टीम का लंढौरा क्षेत्र में छापा, 18 हजार ट्रामाडोल के प्रतिबंधित केप्सूल बरामद, दो फरार

देहरादून। ( आयुष गुप्ता )
मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड दीपम सेठ द्वारा निर्गत निर्देशों के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ उत्तराखंड द्वारा राज्य में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को लगातार अभियान चलाने हेतु निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में सोमवार की शाम को एसटीएफ/एएनटीएफ टीम द्वारा हरिद्वार क्षेत्रान्तर्गत थाना मंगलौर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में कार्रवाई करते हुए लंढौरा क्षेत्र से 18,000 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किये गये। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई, जबकि आरोपी पुलिस को आता देख मौके से फरार हो गये। बरामद कैप्सूल पर “Acetaminophen, Tramadol Hydrochloride & Dicyclomine Hydrochloride Capsules” अंकित होना पाया गया। मौके पर बुलाये गये ड्रग इंस्पेक्टर हरीश द्वारा जांच उपरांत उक्त दवाइयों को प्रतिबंधित नशीली श्रेणी का बताया गया। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। जांच के दौरान फरार अभियुक्तों में से एक की पहचान फारुख पुत्र महमूद निवासी बहादराबाद, हरिद्वार एवं उसके एक साथी के रूप में हुई है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों का गठन कर लगातार दबिश दी जा रही है। एसटीएफ/एएनटीएफ द्वारा अभियुक्तों के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक की जानकारी भी जुटायी जा रही है। टीम में निरीक्षक भवानी शंकर पंत, उ0नि0 दीपक मेठाणी, हे0का0 देशराज, का0 प्रशांत चौहान, का0 दीपक नेगी व मंगलौर पुलिस टीम में उ0नि0 राम बहादुर व का0 नरेश शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share