रूड़की। ( आयुष गुप्ता )
हरिद्वार के बेलड़ा प्रकरण में सरकार और प्रशासन की कमजोर भूमिका के चलते पिछड़े व दलित वर्ग के बीच सामाजिक तनाव का माहौल बना है। इसके लिए भीम आर्मी, माफिया और राज्य सरकार पूरी तरह से जिम्मेदार है। राज्य की भाजपा सरकार नफरत की राजनीति फैलाकर केवल आग लगाना जानती है। न्याय देने के नाम पर सरकार के हाथ खाली है। पिछड़े और दलित वर्ग के लोगों को एक साथ बैठकर आपसी वैमनस्य दूर करके पीड़ितों को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रारंभ से ही बेलड़ा गांव व क्षेत्र में सामाजिक समरसता के लिए जागरूकता लाने का प्रयास कर रही है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ओबीसी विभाग के अध्यक्ष आशीष सैनी ने कहा कि पीड़ित को न्याय दिलाने के बजाय मृतक की लाश पर राजनीति करने का काम भीम आर्मी एवं माफियाओं द्वारा किया जाना निंदनीय है और साथ ही प्रशासन द्वारा न्याय की अवधारणा को स्थापित करने के बजाए दमन की कार्यवाही सामाजिक समरसता के लिए घातक साबित हुई है। घटना की प्रतिक्रिया में ग्रामीणों के घर में की गई तोड़फोड़ किसी भी दृष्टि से न्याय संगत नहीं कही जा सकती, परंतु तोड़फोड़ करने वाले अपराधियों पर कार्यवाही भी उतनी ही आवश्यक है। आशीष सैनी ने कहा कि प्रशासन कीबजिम्मेदारी दोनों सामाजिक पक्षों में समन्वय बैठाकर और घटना की न्यायिक जांच से ही संभव हो सकती थी। परंतु न्याय दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने के बजाय एक दूसरे वर्ग के लोगों पर सामाजिक अपराध करने की छूट देना प्रशासनिक विफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है। इस प्रकरण में दलित, पिछड़े एवं पुलिस अधिकारियों को भी नफरत की राजनीति का शिकार होना पड़ा है। अब भाजपा के नेता क्षेत्र की जनता को वर्ग संघर्ष की ओर धकेलने का कुछ प्रयास कर रहे हैं जिसे रोकना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब से भाजपा सत्ता में है, तब से जाति एवं वर्ग संघर्षों के अनेक उदाहरण सामने आ रहे हैं। भाजपा के मानसिकता दलितों और पिछड़ों को आपस में लड़ा कर सत्ता पर अपना कब्जा बनाए रखने की है। भाजपा जनता का ध्यान महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और संगठित लूट से हटाकर जातीय संघर्ष की ओर धकेलने का प्रयास कर रही है। भाजपा के नफरतें एजेंडे के मंसूबों को कभी सफल नहीं होने दिया जाएगा। सामाजिक न्याय एवं समरसता ही देश की प्राथमिकता में शामिल होगा, कांग्रेस पार्टी इस दिशा में कार्य कर रही है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share