कलियर। ( आयुष गुप्ता )
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने धनौरी चौकी क्षेत्र के ग्राम आसफनगर में छापेमारी कर एक युवती को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। युवती पर पाकिस्तान के माध्यम से करोड़ों रुपये के कथित लेन-देन से जुड़े मामले में संलिप्तता का आरोप है। कार्रवाई जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में दर्ज एक मामले के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के लखनपुर क्षेत्र में कुछ दिन पहले पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि वह पाकिस्तान के जरिए बड़े पैमाने पर रुपये के ट्रांजेक्शन में शामिल था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पिरान कलियर कोतवाली की धनौरी चौकी क्षेत्र के ग्राम आसफनगर निवासी एक युवती का नाम बताया। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पिरान कलियर कोतवाली पुलिस से संपर्क कर स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में गांव में छापेमारी की। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम को युवती की पहचान करने में करीब दो से ढाई घंटे का समय लगा। पहचान सुनिश्चित होने के बाद युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड हासिल की ओर उसे अपने साथ जम्मू-कश्मीर ले गई। हालांकि मौके से किसी नकदी बरामदगी की पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल गरम है, स्थानीय लोगों में इस कार्रवाई को लेकर हैरानी देखी गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मामला करोड़ों रुपये के कथित ट्रांजेक्शन से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसकी जांच जम्मू-कश्मीर पुलिस कर रही है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि जांच में सामने आया है की युवती के बैंक खाते का इस्तेमाल म्यूचल अकाउंट के तौर पर किया गया, खाते में बड़ी संख्या में संदिग्ध ट्रांजैक्शन मिले हैं, मामला जम्मू कश्मीर में दर्ज़ होने के कारण वहां की एजेंसियां जांच कर रही है, जबकि स्थानीय पुलिस ने आवश्यक सहयोग प्रदान किया है। उन्होंने युवती को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है, फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में कई और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। सुरक्षा एजेंसी इस पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी है, ताकि यह साफ हो सके की करोड़ों रुपए के लेनदेन के पीछे आखिर असली मास्टरमाइंड कौन है।
आसफ़नगर की युवती के खाते में हो रही थी करोड़ो की बारिश, जम्मू-कश्मीर की एसटीएफ ने दी दबिश








