नहाय खाये के साथ शुरू हुआ छठ पूजा का आयोजन, बेबी श्रीवास्तव ने परिवार संग की पूजा अर्चना

रुड़की। ( आयुष गुप्ता) लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा का शुभारंभ शुक्रवार को पहले दिन नहाय-खाय की परंपरा के साथ हुआ। रुड़की के शिवपुरम निवासी बेबी श्रीवास्तव के परिवार में भी छठ पूजा को लेकर विशेष उत्साह और श्रद्धा देखने को मिली।
इस अवसर पर बेबी श्रीवास्तव ने अपनी माताजी आशा देवी के साथ पूरे पारंपरिक रीति-रिवाजों और श्रद्धा के साथ छठ पूजा के प्रथम दिन की रस्में निभाईं। घर में पूजा-पाठ और सात्विक भोजन तैयार कर नहाय-खाय की परंपरा का निर्वहन किया गया। छठ पूजा के पहले दिन नहाय-खाय का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन व्रती स्नान कर घर और पूजा स्थल की साफ-सफाई करते हैं तथा शुद्धता के साथ सात्विक भोजन ग्रहण कर चार दिवसीय महापर्व की शुरुआत करते हैं। पारंपरिक रुप से इस दिन कद्दू की सब्जी, चने की दाल और चावल का प्रसाद तैयार किया जाता है। बेबी श्रीवास्तव और उनकी माताजी आशा देवी ने भी इस पावन अवसर पर भगवान सूर्यदेव और छठी मैया के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। छठ महापर्व केवल पूजा-पाठ का पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, पारिवारिक परंपरा, अनुशासन और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का भी प्रतीक है। रुड़की में भी इस पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share