कलियर। ( आयुष गुप्ता )
कलियर क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। हरियाणा के करनाल निवासी एक युवती ने आरोप लगाया है कि उसे कई दिनों तक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया, नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और उसे जिस्मफरोशी के धंधे में धकेलने की भी कोशिश की गई। मामले में पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मानसिक रूप से परेशान थी युवती
पुलिस के अनुसार पीड़िता हरियाणा के करनाल जिले की रहने वाली है और कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। बताया जा रहा है कि अप्रैल महीने में वह अपने घर से निकलकर पिरान कलियर पहुंची थी। आरोप है कि 18 अप्रैल को उसकी मुलाकात दो युवकों से हुई। दोनों उसे बहला-फुसलाकर रायपुर क्षेत्र स्थित एक कमरे में ले गए, जहां पहले से एक आरोपी की पत्नी भी मौजूद थी।
नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि कमरे में उसे नशीला पदार्थ खिलाया गया, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। युवती का कहना है कि करीब पांच दिनों तक उसे कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। इतना ही नहीं, आरोपी की पत्नी पर अन्य युवकों को बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म कराने और उसे देह व्यापार में धकेलने की कोशिश करने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है।
किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकली पीड़िता
बताया जा रहा है कि पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर अपने घर हरियाणा पहुंची। शुरुआत में वह डरी-सहमी रही, लेकिन बाद में उसने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर पिरान कलियर थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी।
महिला समेत तीन आरोपियों पर केस दर्ज
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है।
कलियर क्षेत्र में बंधक बनाकर युवती से किया गया दुष्कर्म, महिला समेत तीन के खिलाफ मुकदमा








