रुड़की। ( आयुष गुप्ता )
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के अंतर्गत आज ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने विधानसभा क्षेत्र 31 रुड़की के समस्त बीएलओ, सुपरवाइजरों की समीक्षा बैठक आयोजित की।
बैठक में निर्वाचन गणना प्रपत्र (EF Forms) के वितरण, संकलन एवं डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई तथा सभी सुपरवाइजरों को समयबद्ध रूप से शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रुड़की दीपक रामचन्द्र शेट, आईएएस ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए निर्वाचन विभाग के साथ-साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि जब आपके क्षेत्र के बीएलओ गणना प्रपत्र (EF Form) लेकर आपके घर आएं, तो उन्हें आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज उपलब्ध कराते हुए पूर्ण सहयोग प्रदान करें। सही एवं पूर्ण रूप से भरा गया गणना प्रपत्र एक त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही कहा कि अपने बीएलओ का सहयोग करें, गणना प्रपत्र समय पर भरें एवं जमा करें, लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
रूडकी विधानसभा क्षेत्र की एसआईआर प्रक्रिया के तहत संयुक्त मजिस्ट्रेट ने की बीएलओ व सुपरवाइजरों की समीक्षा









