रुड़की। ( आयुष गुप्ता )
झबरेड़ा थाना क्षेत्र के सुनहेटी गांव में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कुछ दिन पहले गांव के एक किसान के घर से सरसों की बोरी चोरी हो गई थी। घटना की तस्वीरें घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थीं, जिसके आधार पर पीड़ित आरोपी की तलाश कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को दो युवक उसी किसान के घर सरसों बेचने पहुंच गए, किसान ने जब उनका हुलिया सीसीटीवी फुटेज से मिलाया, तो उन्हें शक हो गया। उसने आसपास के लोगों को बुलाकर घेराबंदी की, जिससे एक युवक मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
पकड़े गए युवक को कुछ ग्रामीणों ने पुलिस के आने तक पेड़ से बांध दिया। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा उसके साथ मारपीट किए जाने की भी सूचना है। घटना का वीडियों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों ने युवक को खोल दिया।
सूत्रों के अनुसार पकड़ा गया युवक मोलना गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। मामले की जानकारी पुलिस को मिलने पर जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है और पूरे प्रकरण की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जहां से चोरों ने चोरी की सरसों की बोरी, उसी घर मे बेचने पहुंचे चोर, ग्रामीणों ने एक युवक को पेड़ से बांधा








