रुड़की। ( आयुष गुप्ता ) उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए रुड़की तहसील के प्रथम एवं वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी, संरक्षक रुड़की गढ़वाल सभा हर्ष प्रकाश काला, प्रेम दत्त गोदियाल वरिष्ठ राज्य आन्दोलनकारी, आन केप्टन महेश रणाकोटी, पूर्व सैनिक नन्दन सिंह रावत, राज्य आंदोलनकारी हेमन्त बर्थवाल एवं धीरेन्द्र पसपोला ने हरिद्वार खड़खड़ी श्मशान घाट पर पहुंच कर स्व. भुवन चन्द्र खंडूरी के अन्तिम दर्शन कर उनके प्रार्थिव शरीर पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संघर्ष समिति, अशोक नगर क्षेत्रीय विकास समिति, एवं रुड़की गढ़वाल सभा रुड़की की ओर से पुष्प चक्र चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। श्री काला ने कहा उत्तराखंड राज्य निर्माण में स्व. खंडूरी की अहम भूमिका रही। केन्द्रीय परिवहन मंत्री रहते हुए उन्होंने जहां सम्पूर्ण देश में सड़कों के विस्तार के लिए चतुर्भुज योजना बनाई, जो आज राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ, विस्तार लेकर परिवहन के क्षेत्र में अहम भूमिका का निर्वहन कर रहा है। अपने सांसद एवं केन्द्रीय मंत्रित्व कार्यकाल में खंडूरी जी द्वारा उत्तराखंड को अलग राज्य बनाने की लोक सभा में मजबूती के साथ आवाज उठाते थे। उनके केन्द्रीय मंत्री रहते हुए उत्तराखंड राज्य की घोषणा केंद्र सरकार ने की। उत्तराखंड के विकास के लिए उनका जो पहाड़ विकास का प्लान था, अगर उन्हें मुख्यमंत्री का पूरा कार्यकाल का समय मिलता, तो उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों का विकास देखने लायक होता। भू कानून को उनके द्वारा सख्ती से लागू किया गया। उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार हेतु उनका पर्वतीय जिलों में लघु उद्योग स्थापित कर बेरोजगारी को दूर करने के सपने को उनके विरोधियों ने पूरा नहीं होने दिया और उन्हें विधानसभा चुनाव में हरा दिया। श्री काला ने कहा स्व. खंडूरी जैसे विकास पुरुष का निधन उत्तराखंड के लिए अत्यधिक दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे एवं परिवार को इस असह्य दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी को राज्य आंदोलकारियों ने पुष्प चक्र चढ़ाकर दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि








