भारत अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में किसान यूनियन ने ज्वाइन्ट मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन

रुड़की। ( आयुष गुप्ता )
भारत-अमेरिका की प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौता (फ्री ट्रेड एग्रीमेंट) के विरोध में आज किसानों ने अपनी आवाज़ बुलंद की।
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन (रजि.) के बैनर तले देश बचाओ मोर्चा ने प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की को सौंपते हुए मांग की कि भारत-अमेरिका फ्री ट्रेड समझौते को तत्काल रद्द किया जाए। संगठन का कहना है कि यदि यह समझौता लागू हुआ, तो इसका सीधा असर देश के किसानों, खेत मजदूरों, पशुपालकों, डेयरी व्यवसाय, छोटे उद्योगों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। किसानों का आरोप है कि इससे विदेशी कंपनियों को फायदा होगा, जबकि भारतीय किसान प्रतिस्पर्धा में कमजोर पड़ जाएंगे। ज्ञापन में सरकार से मांग की गई है कि किसानों और आम जनता के हितों की रक्षा करते हुए इस प्रस्तावित समझौते को तुरंत वापस लिया जाए। साथ ही संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई, तो देशभर में लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। फिलहाल इस मुद्दे को लेकर किसानों ने सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण शर्मा ने कहा कि यदि सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नही होती, तो किसान देशभर में आंदोलन करेगा, बाद में ज्ञापन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को सौंपा गया। जेएम दीपक शेट ने कहा कि यह ज्ञापन प्रधानमंत्री कार्यालय तक भिजवा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share