हरिद्वार। ( आयुष गुप्ता )
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में आज नेशनल हाईवे-58 क्षेत्र में ज्वालापुर से बहादराबाद टोल प्लाजा तक खाद्य प्रतिष्ठानों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी के निर्देशन में, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा संचालित किया गया। इस अभियान के दौरान कुल 06 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के उल्लंघन पाए जाने पर 02 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु लिए गए। साथ ही, एक प्रतिष्ठान में गंदगी एवं अस्वच्छता पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया तथा सुधार के निर्देश दिए गए। संबंधित प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण करने एवं आवश्यक अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर अनियमितताएं पाए जाने पर 01 चालान भी किया गया तथा 02 खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर करने की कार्रवाई की गई। विभाग द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि जनपद में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु ऐसे अभियान निरंतर चलाए जाएंगे तथा आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।
सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी ने ज्वालापुर से बहादराबाद टोल तक चलाया खाद्य प्रतिष्ठानों पर चैकिंग अभियान








