रुड़की। ( बबलू सैनी ) युवा त्यागी जागृति संघ जहां एक ओर त्यागी समाज को संगठित करने में अपनी अहम भूमिका निभा रहा हैं। वहीं सामाजिक, धार्मिक कार्यक्रमों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहा हैं। इस संगठन को उंचाईयों पर ले जाने में स्वामी हंसानंद महाराज का बड़ा योगदान हैं। शनिवार को युवा त्यागी जागृति संघ की एक बैठक लोनिवि के अतिथि गृह में सम्पन्न हुई। जिसमें आगामी 3 मई को भगवान परशुराम की जयंती को भव्य रुप देने के लिए विचार-मंथन किया गया। इस मौके पर बोलते हुए स्वामी हंसानंद महाराज ने कहा कि भगवान परशुराम हमारे आदर्श हैं। उन्होंने समाज को एक सूत्र में पिरोने का काम किया तथा नई राह दिखाई। हम सभी को उनके बताये मार्ग पर चलना चाहिए। साथ ही भावी पीढ़ी को भी अपने आराध्य के बारे में जानकारी देनी चाहिए ताकि वह भी शिक्षा के साथ-साथ धार्मिक कार्यों में बढ़- चढ़कर रुचि लें और अच्छे संस्कार पा सके। स्वामी हंसानंद ने कहा कि 3 मई को भगवान परशुराम की जयंती युवा त्यागी जागृति संघ द्वारा भव्य रुप से मनाई जायेगी। इसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस मौके पर अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखें। इस दौरान मोहित, पंकज, लवि त्यागी, दीपक, अमर, अनंत, मुकुल, प्रदीप, अवीनश, तुषार, गौरव समेत बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।