देहरादून: मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के फटी जींस के फैशन को लेकर दिए गए बयान के बाद लोग इस पर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में कई जगह धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी की। सीएम का पुतला फूंककर विरोध जताया। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से महिलाओं से माफी मांगने की मांग की है। देहरादून में एनएसयूआई और महिला कांग्रेस ने मिलकर एस्लेहॉल पर सीएम तीरथ सिंह रावत का पुतला फूंका। इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ता कमलेश रमन ने कहा जींस को लेकर सीएम ने महिलाओं के ऊपर जो अभद्र टिप्पणी की है उसके लिए मुख्यमंत्री को माफी मांगनी चाहिए।

हरिद्वार में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्य के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भगत सिंह चैक पर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत का पुतला दहन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक तरफ भाजपा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देती है दूसरी तरफ महिलाओं के प्रति ऐसी घृणित सोच रखती है। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री से बयान पर माफी मांगने की मांग की।

रामनगर में यूथ कांग्रेस व अन्य संगठनों ने मुख्यमंत्री के बयान की निंदा करते हुए पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सीएम को अपने पद की गरीमा का ख्याल रखना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि हमारे नए मुख्यमंत्री महिलाओं की फटी जींस पहनने पर या कटी हुई जींस पहनने पर बहुत खफा हैं। मुख्यमंत्री जी ये नया जमाना है, आपको तो मोदी जी, राम नजर आते हैं, कृष्ण नजर आते हैं और अब आप हमारी बेटियों की जींस पहनने पर भी कमेंट करने लग गए हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share