रुड़की। ( आयुष गुप्ता )
आज आजाद नगर स्थित सैनी धर्मशाला में समाज के लोगों की आगामी चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में सैनी समाज के जिम्मेदार लोगों ने चर्चा की और सैनी समाज की चुनाव में भागीदारी पर मंथन किया। इस दौरान इंजीनियर कर्ण सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा व कांग्रेस सैनी समाज को टिकट तो देती है, लेकिन उन्हें जिताने में मदद नहीं करती, यही कारण है कि आज 20 साल बाद भी सैनी समाज का हरिद्वार या उत्तराखंड में कोई विधायक नहीं बन पाया। उन्होंने कहा कि जिस स्कूल का स्टूडेंट तीन बार फेल हो जाए, उस स्कूल को बदल दिया जाना चाहिए, लेकिन भाजपा फिर से उसी स्कूल में दाखिला दिलाना चाहती है। उन्होंने नए स्कूल में एडमिशन की बात कही, उन्होंने सर्वप्रथम लक्सर उसके बाद रुड़की, खानपुर और हरिद्वार ग्रामीण से सैनी समाज के दावेदारों को टिकट देने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब कलियर से सैनी समाज के प्रत्याशी नहीं जीत पा रहे हैं, तो उन्हें कलियर से टिकट ही ना दिया जाए।
वहीं चेयरमैन सुंदर सिंह सैनी ने कहा कि जिले में तीन लाख से भी ज्यादा का संख्या बल सैनी समाज का है, लेकिन यहां एमपी तो दूर विधायक तक नहीं बन पा रहे है, जो समाज के लिए चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा पार्टी से चार विधानसभा सीटों पर दावेदारी की जाएगी और यदि पार्टी टिकट नहीं देती, तो फिर अग्रिम रणनीति तय की जाएगी। वही अरुण सैनी ने कहा कि भाजपा पार्टी ने सदा ही सैनी समाज को सम्मान दिया है और वह भी कलियर सीट से भाजपा पार्टी के दावेदार हैं, उन्हें उम्मीद है कि जो मांग सैनी समाज के लोग कर रहे हैं, उसे भाजपा पार्टी पूरी करेगी और सैनी समाज को पूरा प्रतिनिधित्व देने का काम करेगी। बैठक में इंजी. कर्ण सिंह सैनी, शिवकुमार सैनी, अरुण सैनी, अरविंद सैनी, ईसम सिंह सैनी, शिव शंकर सैनी एडवोकेट, हरपाल सिंह सैनी आर्य, चेयरमैन सुंदर सिंह सैनी, राजीव कुमार, सेवाराम, सुरेश, ओमवीर सैनी, समय सिंह सैनी, इंदर सिंह सैनी, कुशलपाल सैनी, आदि मौजूद रहे।
कलियर के बजाय सैनी समाज के लोगों ने लक्सर समेत चार सीटो पर मांगा टिकट








