रुड़की। ( आयुष गुप्ता ) शनिवार को भाजपा नेता राहुल कौशिक द्वारा रुड़की विधानसभा से अपनी दावेदारी जताते हुए समर्थकों के साथ एक पत्र जिलाध्यक्ष डाॅक्टर मधु सिंह को सौंपा गया। इससे पहले उनके द्वारा अपने कार्यालय पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में उनके समर्थक मौके पर पहुंचे और राहुल कौशिक जिंदाबाद, भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाए। इसके बाद दर्जनों गाड़ियों के काफिले के साथ वह अपने कार्यालय शिवपुरम से खुली गाड़ी में रवाना हुए और दिल्ली रोड स्थित भाजपा कार्यालय पर पहुंचकर जिलाध्यक्ष डाॅक्टर मधु सिंह को अपनी दावेदारी का पत्र सौंपा। इस मौके पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि रुड़की में हमारी ही पार्टी के विधायक है, लेकिन जो विकास होना था, वह नहीं हो पाया। मुझे हाईकमान से अपेक्षा है कि पार्टी एक मौका विधानसभा चुनाव में टिकट के रुप में देगी, मैं पिछले 13 वर्षों से पार्टी के निष्ठावान सिपाही के रुप में कार्य कर रहा हूं तथा पार्टी में विभिन्न पदों पर रहकर पार्टी की सेवा की। जिसका फल निश्चित रुप से मुझे मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के कार्यों की सराहना की और कहा कि रुड़की की जनता भाजपा के साथ है। वही उनके समर्थकों ने भी दावा किया कि इस बार पार्टी राहुल कौशिक को टिकट देगी, तो निश्चित रुप से एक बड़ी जीत हासिल करेंगे और शहर में जो समस्याएं शेष है, उन्हें पूरा करने का काम करेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में उनके समर्थक मौजूद रहे, हालांकि नेताजी के काफिले में चल रही गाड़ियों द्वारा हुटर बजाए गए, जिसे देखकर लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। वहीं जिलाध्यक्ष डाॅक्टर मधु सिंह ने बताया कि अभी तक उनके पास 18 आवेदन आ चुके हैं और भी आवेदन आने की संभावना है।
भाजपा नेता राहुल कौशिक ने जिलाध्यक्ष को सौंपा दावेदारी का पत्र, रुड़की विधानसभा से ठोकी दावेदारी








