रुड़की। ( आयुष गुप्ता )
देवभूमि उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के पावन अवसर पर उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने हरिद्वार वन प्रभाग द्वारा देवनारायण नगर (आसफनगर झाल) में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसी भावना के साथ “हर गाँव का यही पैगाम, एक पेड़ माँ के नाम” के संदेश को आत्मसात करते हुए उन्होंने पौधारोपण किया और लोगों से भी इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक लोकपर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, संस्कृति और जिम्मेदारी का प्रतीक है। वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम है और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रदीप बत्रा ने प्रदेशवासियों से हरेला के अवसर पर कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आग्रह करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही “हरित उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड” का संकल्प साकार होगा। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करें, तो उत्तराखंड और अधिक हरा-भरा, सुंदर और पर्यावरण की दृष्टि से समृद्ध राज्य बनेगा। कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। हरेला पर्व पर आयोजित इस अभियान के माध्यम से लोगों को प्रकृति के संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं एसडीओ वन विभाग ज्वाला प्रसाद गौड़ ने पौधारोपण का महत्व समझाया ओर कहा कि पौधारोपण समय की जरूरत है, इसलिए सभी लोग ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण करें। इस दौरान पार्षद संजीव तोमर, वन दरोगा इंदर सिंह, वन आरक्षी भूपेंद्र आदि बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
हरेला पर्व पर वन विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मंत्री प्रदीप बत्रा ने किया पौधारोपण









