रुड़की। ( आयुष गुप्ता )
विकासखंड रुड़की के ग्राम भौंरी में निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया, इस दौरान नशाखोरी के खिलाफ अभियान चलाने वाली महिलाओं को सामाजिक संस्था द्वारा सम्मानित भी किया गया।
पंजीकृत संस्था सूर्या सामाजिक सेवा समिति द्वारा आज विकास खंड रुड़की के ग्राम भौंरी में निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर सूर्या सामाजिक सेवा समिति की अध्यक्ष रोमा सैनी ने कहा कि संस्था द्वारा पिछले 25 वर्षों से महिला सशक्तिकरण, बाल विकास, स्वास्थ्य, स्वच्छता, कौशल विकास आदि क्षेत्रों में सक्रियता से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में आज ग्राम भौंरी में निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण शुरू किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण की अवधि दो माह होगी। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य महिलाओं का कौशल विकास कर उन्हें रोजगार से
जोड़कर उनकी आय में वृध्दि करना है। जिससे उनके आर्थिक विकास के साथ-साथ उनका सामाजिक विकास होगा और महिलाएं सशक्त होंगी। अध्यक्षा रोमा सैनी ने बताया कि हमारी संस्था का आगामी दो वर्षों में 400 महिलाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य है। इस अवसर पर सूर्या सामाजिक सेवा समिति की अध्यक्ष रोमा सैनी व अन्य पदाधिकारियों ने बीस महिलाओं को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया, जिन्होंने ग्राम भौंरी में कच्ची शराब के विरुद्ध अभियान चलाकर कच्ची शराब की बिक्री पूर्णतः बंद करा दी। इस अवसर पर ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, भाजपा के ओबीसी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मुकेश रोड, पूर्व जिला उपाध्यक्ष देशपाल रोड, ओबीसी मंडल प्रभारी संदीप सैनी, मंडल उपाध्यक्ष झबरेडा रामकुमार चौहान, संजय प्रजापति, अशोक सैनी, अभिनव सैनी, योगी रोड, अरविंद, मुनेश, मौसम आदि मौजूद रहे।