भांजे को गोली मारने वाला मामा व एक अन्य साथी गिरफ्तार

रुड़की। ( आयुष गुप्ता ) अपने ही भांजे की गोली मारकर हत्या करने वाले मामा को लक्सर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं। विदित हो कि मामूली कहासुनी को लेकर लक्सर क्षेत्र के अकोढ़ा कलां गांव में बीती 4 नवंबर को विशाल नामक युवक को उसके ही मामा ने गोली मार दी थी। जिसमें विशाल की मौत हो गई थी। पुलिस तभी से आरोपी की तलाश में जुटी थी।
लक्सर कोतवाली में घटना का खुलासा करते हुए एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि बीती 4 नवंबर को लक्सर के अकोढ़ा कला गांव में विशाल नाम के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिस संबंध में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। साथ ही आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही थी। घटना के अनावरण के लिए कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। उन्होंने बताया कि हत्या के मामले में दो आरोपी रजनीश और रितिक को गिरफ्तार किया गया। आरोपी रजनीश पुत्र नाथीराम यूपी के सहारनपुर का रहने वाला हैं। वहीं दूसरा आरोपी रितिक लक्सर के अकोढ़ा गांव का निवासी हैं। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि शादी समारोह में डीजे पर नाचने के दौरान हुये विवाद में उनके द्वारा हत्या को अंजाम दिया गया था। साथ ही पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक तमंचा व एक जिंदा कारतूस व एक खोखा भी बरामद किया। पुलिस पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों का चालान कर कोर्ट में पेश किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share